कुएं में मिली लावारिस बाइक, जांच में जुटी पुलिस

 शहर से सटे किदवई नगर गांव में रविवार की सुबह एक कुएं से दुर्गंध फैलने से हड़कंप मच गया। लोगों ने जब पास जाकर देखा तो कुएं में एक बाइक और बोरी बंधी दिखाई दी। इसकी जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड ने बाइक को निकाला तो उसमें बंधी बोरी से बकरी के बच्चे (मेमना) का शव बरामद हुआ। फिलहाल बाइक कैसे वहां पहुंची, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।


देहात कोतवाली क्षेत्र के प्यारे पट्टी रोड पर स्थित किदवई नगर गांव है। इसी गांव की बाग में कुछ बच्चे रविवार की सुबह क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच बच्चों की गेंद कुएं में चली गई। बच्चे जब कुएं के पास पहुंचे तो वहां से दुर्गंध आ रही थी। बच्चों ने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बाइक और बोरी में किसी व्यक्ति के बंधे शव की आशंका में पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाई और रस्सी की मदद से बाइक को निकलवाया। गनीमत रही कि बोरी में व्यक्ति के बजाय बकरी के बच्चे का शव बरामद हुआ। फिलहाल बाइक किसकी है और कुएं में कैसे गिरी, पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है। सीओ लंभुआ विजय मल्ल सिंह यादव ने बताया कि बाइक किसकी है और कैसे यहां पहुंची, इसकी जांच की जा रही है।